UPPCS Mains Result 2025: यूपीपीसीएस मेंस का रिजल्ट घोषित, 2719 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए सफल

UPPCS Mains Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस मुख्य परीक्षा 2024 का रिजल्ट घोषित कर दिया है. आयोग ने 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया है. पीसीएस मेंस की लिखित परीक्षा 29 जून 2025 से 2 जुलाई 2025 तक प्रयागराज और लखनऊ के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी. मेंस परीक्षा में कुल 13776 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे. पीसीएस संवर्ग के कुल 24 प्रकार के पदों के लिए 947 पदों पर भर्ती होनी है, जिसमें 60 पदों पर केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन होना है. इन पदों का परिणाम अंतिम चरण परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा. 60 रिक्तियों को छोड़ते हुए 887 रिक्तियों पर लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर चयन होना है.

